छत्तीसगढ़ में शीतलहर का असर जारी है। प्रदेश उत्तरी इलाकों सहित कई जिलों में घना कोहरा छा रहा है। वहीं मौसम विभाग ने कई जिलों में बुधवार को भी घने कोहर …और पढ़ें

HighLights
- 24 से 25 दिसंबर के दौरान कई जिलों के तापमान में गिरावट
- कई जिलों में शीत लहर और मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी
- न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठंड ने जोर पकड़ा हुआ है। मौसम विभाग ने 24 से 25 दिसंबर के बीच प्रदेश के कई जिलों में शीत लहर और मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।
24 से 25 दिसंबर के दौरान इन जिलों में ठंडी हवाओं के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है। दुर्ग संभाग में एक-दो स्थानों पर शीत लहर का असर पहले ही दर्ज किया गया है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में कोहरे की चेतावनी
इधर, उत्तर छत्तीसगढ़ के कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं कोरबा, रायगढ़ और गौरेला-पेंड्रा मरवाही जिलों में भी सुबह के समय घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। अगले 24 घंटों में सरगुजा संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर तथा बिलासपुर संभाग में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है।
तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट संभव
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 0.8 और 0.6 डिग्री कम रहा।
यह भी पढ़ें- MP Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी का मध्य प्रदेश पर असर, अभी और गिरेगा तापमान; शीतलहर और घने कोहरे का दौर जारी
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। पेंड्रारोड में भी न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक गिर गया।
मौसम शुष्क, धुंध का असर जारी
मौसम सारांश के अनुसार प्रदेश में फिलहाल कोई सिनॉप्टिक सिस्टम सक्रिय नहीं है और वर्षा की कोई संभावना नहीं है। आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। रायपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान में 23 दिसंबर को धुंध छाए रहने और अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 27 और 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।


