डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025) की तारीखों की घोषणा सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (CEC Gyanesh Kumar) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की। उन्होंने बताया कि राज्य में दो चरणों में मतदान होगा-
- पहला चरण: 6 नवंबर 2025
- दूसरा चरण: 11 नवंबर 2025
जबकि मतगणना 14 नवंबर 2025 को होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। इसी के साथ राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है ताकि निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किए जा सकें।
11 नवंबर को आठ राज्यों में उपचुनाव (By Polls 2025)
ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार के दूसरे चरण के साथ-साथ देश के सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी 11 नवंबर को होंगे। इन सभी सीटों के परिणाम 14 नवंबर को बिहार चुनाव परिणामों के साथ ही घोषित किए जाएंगे।
उपचुनाव वाली 8 विधानसभा सीटें इस प्रकार हैं-
1. राजस्थान: अंटा
2. जम्मू-कश्मीर: बडगाम और नागरोटा
3. पंजाब: तरनतारन
4. झारखंड: घाटशिला
5. तेलंगाना: जुबली हिल्स
6. मिजोरम: डांपा
7. ओडिशा: नुआपाड़ा
इन उपचुनावों के परिणाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं।
बिहार के मतदाता आंकड़े
ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार में कुल 7.42 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 3.92 करोड़ पुरुष और 3.50 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आयोग ने छठ पर्व के बाद चुनाव कराने का फैसला इसलिए लिया ताकि अधिकतम प्रवासी मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
BYE ELECTION IN 08 ACs OF 07 STATES/UT
Details 👇 #ByeElections pic.twitter.com/Eunli9FrMF
— Election Commission of India (@ECISVEEP) October 6, 2025
2020 के चुनाव का रिजल्ट
बिहार में पिछला विधानसभा चुनाव 2020 में कोविड-19 महामारी के बीच हुआ था। तब मतदान तीन चरणों में हुआ था- 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर, जबकि परिणाम 10 नवंबर को घोषित हुए थे। उस समय NDA ने 125 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, वहीं महागठबंधन को 110 सीटें मिली थीं।
पंजाब की तरनतारन सीट पर दिलचस्प मुकाबला
पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव इस बार खासा चर्चित है। इस सीट पर AAP विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद उपचुनाव की घोषणा की गई है।
- AAP ने अपने उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू को मैदान में उतारा है।
- कांग्रेस ने करणवीर सिंह बुर्ज को प्रत्याशी बनाया है।
- भाजपा ने हरजीत सिंह संधू और
- अकाली दल ने सुखविंदर कौर रंधावा को टिकट दिया है।
2022 में यह सीट AAP के कब्जे में थी, जबकि अकाली दल दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही थी। इस बार का मुकाबला आम आदमी पार्टी के लिए प्रतिष्ठा की परीक्षा बन गया है।
यह भी पढ़ें- चुनाव आयोग का नया ECINet: 40 सेवाओं का ‘वन-स्टॉप’ समाधान, बिहार चुनाव 2025 में इसी प्लेटफॉर्म से होंगे सारे काम